भुवनेश्वर, 11 मार्च: 61वें फेमिना मिस इंडिया ग्रैंड फिनाले इस वर्ष अप्रैल में कीट डीम्ड विश्वविद्यालय में आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में आज मुंबई में कीट डीम्ड विश्वविद्यालय और फेमिना मिस इंडिया के बीच एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इसके साथ ही कीट भारत का पहला विश्वविद्यालय बन गया है जो इस भव्य आयोजन की मेजबानी करेगा। साथ ही, यह पहली बार होगा जब इस स्तर का कार्यक्रम पूर्वी भारत में आयोजित किया जाएगा। ज्ञापन पर हस्ताक्षर अच्युत सामंत की उपस्थिति में हुआ जो कीट -कीस -कीम्स के प्राण-प्रतिष्ठा हैं। हस्ताक्षरकर्ताओं में कीट के कुलपति सरनजीत सिंह,कीट स्कूल ऑफ आर्किटेक्चर के महानिदेशक एस एस रे तथा टाईम्स ग्रुप की ओर से मुख्य कार्यकारी अधिकारी रोहित गोपाकुमार शामिल थे। यह कार्यक्रम मुंबई स्थित दी टाईम्स आफ इंडिया कार्यालय में आयोजित हुआ जहां कई विशिष्ट अतिथिगण, जिनमें फेमिना मिस इंडिया 2025 से जुड़े अधिकारी भी उपस्थित थे। हस्ताक्षर समारोह का सीधा प्रसारण भी किया गया। चार महीने पहले फेमिना मिस इंडिया के प्रतिनिधियों ने कीट और कीस का दौरा कर यहां के बुनियादी ढांचे का निरीक्षण किया था। कीट की उत्कृष्ट सुविधाओं से प्रभावित होकर फेमिना मिस इंडिया प्रबंधन ने इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम के आयोजन के लिए कीट विश्वविद्यालय का चयन किया। इस अवसर पर डॉ. सामंत ने कहा कि यह एक प्रतिष्ठित कार्यक्रम है और इसकी मेजबानी करना कीट-कीस और ओडिशा के लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने विनीत जैन, सीईओ रोहित गोपाकुमार और फेमिना मिस इंडिया टीम का धन्यवाद करते हुए कीट को ग्रैंड फिनाले का स्थल चुनने के लिए आभार व्यक्त किया।
कीट में होगा 61वां फेमिना मिस इंडिया का ग्रैंड फिनाले








