भुवनेश्वर।
कीट डीम्ड विश्वविद्यालय (कलिंगा इंस्टिट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी) ने क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स 2026 के प्रकाशित परिणाम के अनुसार ओडिशा के सभी निजी विश्वविद्यालयों में पहला स्थान प्राप्त कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यही नहीं, पूरे भारत में शीर्ष निजी उच्च शिक्षण संस्थानों की सूची में भी कीट को 9वां स्थान मिला है। यह इसका इस प्रतिष्ठित वैश्विक रैंकिंग में पहला प्रवेश है।
अंतर्राष्ट्रीय मंच पर अपनी पहली भागीदारी में ही कीट ने एशियन यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स – साउदर्न एशिया में 55वां स्थान हांसिल कर सबको चौंका दिया है। यह उपलब्धि कीट की शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुसंधान, नवाचार और वैश्विक सहभागिता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
क्यूएस रैंकिंग्स 2026 ने विश्वभर के 1,500 से अधिक शीर्ष विश्वविद्यालयों का मूल्यांकन किया था। यह मूल्यांकन शैक्षणिक प्रतिष्ठा, नियोक्ता प्रतिष्ठा, फैकल्टी-स्टूडेंट अनुपात, प्रति फैकल्टी शोध-पत्र, अंतरराष्ट्रीय छात्रों और शिक्षकों की संख्या, शोध नेटवर्क, रोजगार परिणाम और स्थिरता जैसे कई कठोर मानकों पर आधारित था।
इस उपलब्धि पर प्रतिक्रिया देते हुए कीट और कीस के संस्थापक डॉ. अच्युत सामंत ने कहा, “यह मान्यता हमारी शैक्षणिक उत्कृष्टता, सामाजिक प्रतिबद्धता और वैश्विक सहभागिता के प्रति लगातार किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है। मात्र 21 वर्षों में कीट ने कई पुराने और प्रतिष्ठित संस्थानों को पीछे छोड़ दिया है। मैं इस गौरवपूर्ण पल के लिए सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्रों को बधाई देता हूं।”
कीट और कीस परिवार ने डॉ. सामंत के प्रति आत्मीय कृतज्ञता व्यक्त की है जिनके दूरदर्शी नेतृत्व और समावेशी शिक्षा दृष्टिकोण ने ओडिशा को वैश्विक शिक्षा मानचित्र पर एक विशिष्ट पहचान दिलाई है।










