Header Ad

Categories

  • No categories

Most Viewed

भारत को अंतर्राष्ट्रीय मध्यस्थता का वैश्विक केंद्र बनाएगा कीट सेंटर फॉर इंटरनेशनल आर्बिट्रेशन एंड मेडिएशन : न्यायमूर्ति संदीप मेहता,सुप्रीम कोर्ट जज

भुवनेश्वर, 27 सितम्बर: स्थानीय स्वस्ति प्रीमियम होटल में सायंकाल चार बजे कीट सेंटर फॉर इंटरनेशनल आर्बिट्रेशन एंड मेडिएशन (KCIAM) का कर्टेन रेज़र एवं विज़न लॉन्च हुआ। इस अवसर पर सुप्रसिद्ध न्यायाधीशों, न्यायविदों और विधि विशेषज्ञों ने इसे भारत को वैश्विक मध्यस्थता मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया तथा इस ऐतिहासिक पहल के लिए कीट-कीस-कीम्स के संस्थापक प्रोफेसर अच्युत सामंत को साधुवाद दिया। सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश न्यायमूर्ति संदीप मेहता ने अपने सारगर्भित संबोधन में KCIAM को “समयानुकूल और दूरदर्शी पहल” बताते हुए कहा कि यह सेंटर विश्वस्तरीय सुविधाएँ प्रदान करेगा, भावी मध्यस्थों को प्रशिक्षित करेगा तथा सर्वोत्तम परम्पराओं पर शोधकार्य को बढ़ावा देगा। उन्होंने कहा, “KCIAM न केवल इस क्षेत्र की सेवा करेगा, बल्कि भारत को मध्यस्थता और सुलह का वैश्विक केंद्र बनाने के दृष्टिकोण में सार्थक योगदान देगा।” कीट-कीस-कीम्स के संस्थापक प्रोफेसर अच्युत सामंत की गरिमयी उपस्थिति में KCIAM की वेबसाइट भी लॉंच हुई। अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय (ICJ) के न्यायमूर्ति अब्दुलक़ावी ए. यूसुफ ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की परंपरा में मध्यस्थता और सुलह गहराई से जुड़ी रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि KCIAM निष्पक्षता और पेशेवर मानकों को बनाए रखेगा तो यह सिंगापुर और हांगकांग जैसे वैश्विक मानकों के समकक्ष खड़ा हो सकता है। पटना उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति संदीप कुमार ने कहा कि भुवनेश्वर इस केंद्र के लिए उपयुक्त स्थान है, क्योंकि यह प्रौद्योगिकी केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। उन्होंने बताया कि हाल के वर्षों में केवल सुलह (मेडिएशन) के माध्यम से ही 58,000 से अधिक मामलों का समाधान हुआ है। झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति राजेश कुमार ने बताया कि हमें विवादों को विदेश भेजने की प्रवृत्ति कम करनी चाहिए। न्यायमूर्ति आनंद सेन ने कहा कि अब मध्यस्थता और सुलह वैकल्पिक उपाय न रहकर मुख्यधारा की न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा बनते जा रहे हैं। न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद ने भरोसा जताया कि KCIAM विश्वस्तरीय संस्थान बनेगा, जैसा कि प्रोफेसर अच्युत सामंत की विश्व स्तरीय शैक्षिक पहल कीट-कीस है।
पूर्व अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल डॉ. पिंकी आनंद ने अपने संबोधन में यह बताया कि यह केंद्र भारत की तीव्र गति से बढ़ती अर्थव्यवस्था की आकांक्षाओं को दर्शाता है और न्यायिक ढांचे को मजबूत करता है। कीट विधि संकाय के प्रोफेसर एमेरिटस प्रो. एन. एल. मित्रा ने कहा कि KCIAM विश्वस्तरीय मध्यस्थता केंद्र होगा और इसमें उत्कृष्ट मध्यस्थों व विधि विशेषज्ञों का पैनल होगा। KCIAM के चेयरमैन और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक परीजा ने अपने सारगर्भित स्वागत भाषण में बताया कि यह अभूतपूर्व ऐतिहासिक पहल ओडिशा की आर्थिक प्रगति को नई गति प्रदान करेगी और न्याय को और अधिक सुलभ बनाएगी। कीट डीम्ड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सरनजीत सिंह ने आभार व्यक्त किया।
-अशोक पाण्डेय

    Leave Your Comment

    Your email address will not be published.*

    Forgot Password