

भुवनेश्वर स्थित कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी (कीट) को प्रतिष्ठित ग्लोबल स्पोर्ट्स एजुकेशन कन्वेंशन (G-SEC) 2026 के दौरान “सर्वश्रेष्ठ समग्र खेल अवसंरचना के लिए राष्ट्रीय रैंकिंग पुरस्कार 2026” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान 15 जनवरी 2026 को इंडिया इंटरनेशनल सेंटर, नई दिल्ली में प्रदान किया गया। यह पुरस्कार नेशनल रैंकिंग अवॉर्ड्स इन स्पोर्ट्स एंड फिजिकल एजुकेशन 2026 के अंतर्गत प्रदान किया गया जिसे कन्फेडरेशन ऑफ स्पोर्ट्स एंड रिक्रिएशन इंडस्ट्री (CSRI) ने स्पोर्ट्स असेसमेंट एंड ऑडिट बोर्ड (SAAB) के सहयोग से स्थापित किया है। इस राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन को युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार का समर्थन प्राप्त था, जिसमें पूरे देश भर के प्रमुख विश्वविद्यालयों, नीति-निर्माताओं और खेल प्रशासकों ने भाग लिया। यह सम्मान कीट द्वारा विकसित विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना, खिलाड़ी-केंद्रित प्रशिक्षण पारिस्थितिकी तंत्र, तथा खेल शिक्षा और उत्कृष्टता के संवर्धन में इसके असाधारण योगदान को मान्यता देता है—चाहे वह जमीनी स्तर हो या उच्च प्रदर्शन का मंच। वर्षों से कीट ने शिक्षा, उच्च-स्तरीय प्रशिक्षण और अनुसंधान को एकीकृत करते हुए समग्र खेल विकास के क्षेत्र में भारत में एक मानक संस्थान के रूप में अपनी पहचान स्थापित की है। इस गौरवपूर्ण अवसर पर कीट -परिवार ने कीट कीस और कीम्स के संस्थापक प्रो. (डॉ.) अच्युत सामंत के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की जिनकी दूरदर्शी नेतृत्व क्षमता और खेल व युवा विकास के प्रति अटूट प्रतिबद्धता ने संस्था की उल्लेखनीय उपलब्धियों को संभव बनाया है। समग्र शिक्षा, अनुशासन और खेलभावना पर उनका विशेष जोर कीट को देश के श्रेष्ठ खेल पारिस्थितिक तंत्रों में से एक बनाने में सहायक रहा है। यह राष्ट्रीय सम्मान भारत में खेल उत्कृष्टता के अग्रणी केंद्र के रूप में कीट की स्थिति को और सुदृढ़ करता है तथा भविष्य के चैंपियनों को गढ़ने और देश के खेल विकास एजेंडे में महत्वपूर्ण योगदान देने की उसकी प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित करता है।








