भुवनेश्वर, 4 फरवरी: कलिंग इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (कीस) के दस छात्र रोमानिया में आयोजित एक अंतर्राष्ट्रीय सांस्कृतिक महोत्सव में भाग लेने जा रहे हैं जहाँ वे ओडिशा की आदिवासी भाषाओं में महान नाटककार विलियम शेक्सपीयर के नाटकों का मंचन करेंगे। इस अवसर को लेकर छात्र अत्यंत उत्साहित हैं और जोर-शोर से तैयारियों में जुटे हुए हैं। इस दल में पीएच.डी, स्नातक, स्नातकोत्तर तथा बीबीए पाठ्यक्रमों के छात्र शामिल हैं। आगामी मई माह में ये छात्र रोमानिया के क्रायोवा विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले विश्व शेक्सपीयर महोत्सव में भाग लेंगे जहाँ वे शेक्सपीयर के नाटकों का मंचन करेंगे। वैश्विक मंच पर कीस के छात्र अपनी आदिवासी मातृ भाषाओं में शेक्सपीयर के तीन नाटकों की प्रस्तुति देंगे। इसे कीस, आदिवासी समाज तथा पूरे ओडिशा राज्य के लिए गर्व और गौरव की बात बताया जा रहा है। छात्र पहले ही अभ्यास शुरू कर दिये हैं और वे लगभग दो माह तक रोमानिया में रहेंगे। यह भारत में पहली बार है जब किसी शैक्षणिक संस्थान के छात्र अंतर्राष्ट्रीय मंच पर आदिवासी भाषाओं में शेक्सपीयर के नाटकों का मंचन करेंगे। इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कीट और कीस के संस्थापक डॉ. अच्युत सामंत ने सभी छात्रों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कीस के छात्र पहले भी खेल और शिक्षा के क्षेत्र में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और राज्य का नाम रोशन कर चुके हैं। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अब वे अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बनाएंगे। यह हम सभी के लिए अत्यंत हर्ष का क्षण है।
रोमानिया में आदिवासी भाषाओं में शेक्सपीयर के नाटक प्रस्तुत करेंगे कीस के छात्र










