भुवनेश्वर: कीस के दस छात्र इन दिनों रोमानिया में एक अंतर्राष्ट्रीय सांस्कृतिक महोत्सव में भाग ले रहे हैं, जहां वे विलियम शेक्सपियर के नाटकों को ओडिशा की जनजातीय भाषाओं में प्रस्तुत कर रहे हैं। छात्र इस विशेष अवसर के लिए उत्साहपूर्वक तैयारी में जुटे हुए हैं। यह पहली बार है जब कीस के छात्र विदेश में संथाली नृत्य प्रस्तुत कर रहे हैं। इससे पहले वे मुख्य रूप से खेल प्रतियोगिताओं के लिए विदेश जाते रहे हैं, लेकिन अब वे यूरोप के देश रोमानिया में जनजातीय संस्कृति को प्रदर्शित कर सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा दे रहे हैं। इस कार्यक्रम में 30 देशों के 150 से अधिक छात्र भाग ले रहे हैं, और कीस छात्रों की प्रस्तुति को सभी ने काफी सराहा। Erasmus+ KA171 Student Mobility Programme के तहत पूर्णतः प्रायोजित इस पहल में कीस के छात्र 1 अप्रैल से 31 मई 2026 तक दो महीने के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक इंटर्नशिप का हिस्सा बनेंगे। वहीं कीट डीम्ड विश्वविद्यालय के दस छात्र भी इस कार्यक्रम में शामिल हैं। पहली बार कीट और कीस के छात्र एक साथ एक समूह के रूप में यात्रा कर रहे हैं और इस अनुभव को साझा कर रहे हैं। छात्रों ने University of Craiova में अपनी प्रस्तुति दी। रोमानिया में भारत के राजदूत मान्यवर मनोज कुमार महापात्र ने विश्वविद्यालय में उनका स्वागत किया और उनके पूरे प्रवास के दौरान व्यक्तिगत रूप से मार्गदर्शन कर रहे हैं। कीट और कीस के छात्र मिलकर रोमियो- जूलियट ,मैक्वेथ और हामलेट जैसे प्रसिद्ध नाटकों को संथाली भाषा में प्रस्तुत करेंगे। संथाली भाषा ने हाल ही में अपनी Ol Chiki script centenary का शताब्दी वर्ष मनाया है। इस कार्यक्रम के अंत में छात्रों को रोमानियाई संस्कृति और भाषा के पाठ्यक्रम का प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा। यह पहल अंतर्राष्ट्रीय सांस्कृतिक सहयोग के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम है, जो भारतीय जनजातीय कला और संस्कृति को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए डॉ अच्युत सामंत ने सभी छात्रों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कीस के छात्र पहले भी खेल और शिक्षा के क्षेत्र में देश और राज्य का नाम रोशन कर चुके हैं और अब सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से वे अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बना रहे हैं। यह सभी के लिए गर्व और खुशी का क्षण है।
कीस के दस छात्र इन दिनों रोमानिया में एक अंतर्राष्ट्रीय सांस्कृतिक महोत्सव में भाग ले रहे हैं










